Vedanta Power Plant Accident
Vedanta Plant Accident Update: रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। झारखंड के रहने वाले गंभीर रूप से घायल श्रमिक मनीष कुमार ने रायगढ़ के लक्ष्मीराम मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
Vedanta Plant Accident Update: बढ़ता मौत का आंकड़ा
इस हादसे में अब तक 24 मजदूरों की जान जा चुकी है, जबकि 9 अन्य घायल मजदूरों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मृतकों में ज्यादातर दूसरे राज्यों से आए मजदूर शामिल हैं, जो रोजी-रोटी की तलाश में यहां काम कर रहे थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
Vedanta Plant Accident Update: पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत 19 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Vedanta Plant Accident Update: जांच के लिए गठित विशेष टीम
सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई है, जिसमें फोरेंसिक विशेषज्ञ भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बायलर के फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा होने से दबाव बढ़ गया था, जिसके कारण निचला पाइप हट गया और जोरदार विस्फोट हुआ।
Vedanta Plant Accident Update: लापरवाही के गंभीर आरोप
जांच में यह भी सामने आया है कि प्लांट में मशीनों के रखरखाव और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। सुरक्षा उपायों में गंभीर कमी और निगरानी की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
Vedanta Plant Accident Update: मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके अलावा प्रधानमंत्री राहत कोष (PMNRF) से भी मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

