CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी अब खतरनाक तेवर दिखाने लगी है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच प्रदेश के कई इलाकों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) चलने के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे हालात और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण बन सकते हैं।
CG Weather News : बीते 24 घंटों में प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, जिसमें राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में 19 अप्रैल तक हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है।
CG Weather News : मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण, द्रोणिका और प्रति चक्रवात जैसी सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में शुष्क मौसम बना हुआ है। यही वजह है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मध्य क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लू के तेज थपेड़े महसूस हो सकते हैं, जबकि बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की गरज-चमक के संकेत भी हैं।
CG Weather News : राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां भी शुक्रवार को गर्मी अपने चरम पर रह सकती है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलना मुश्किल होगा। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि इस भीषण गर्मी के असर से बचा जा सके।

