Raghav Chadha
चंडीगढ़/नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) सांसद राघव चड्ढा की सुरक्षा को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। पंजाब सरकार ने उनकी Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली है। अब केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने उन्हें Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कर दी है, जो दिल्ली और पंजाब दोनों जगह प्रभावी रहेगी।
इंटेलिजेंस रिपोर्ट के आधार पर फैसला
सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्रालय ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया है। अब राघव चड्ढा की सुरक्षा अर्धसैनिक बलों द्वारा की जाएगी। Z श्रेणी सुरक्षा में कुल 33 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं, जिसमें आवास पर 10 आर्म्ड गार्ड, 6 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO), 12 कमांडो और 3 प्रशिक्षित ड्राइवर शामिल होते हैं।
AAP और राघव चड्ढा के बीच बढ़ती दूरी
पंजाब सरकार द्वारा सुरक्षा वापस लेने का फैसला AAP और राघव चड्ढा के बीच बढ़ती खाई को लेकर लिया गया माना जा रहा है। हाल ही में AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया था और उनकी जगह डॉ. अशोक कुमार मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद दोनों तरफ से बयानबाजी भी हुई थी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राघव चड्ढा पर “कंप्रोमाइज्ड” होने का आरोप लगाया था।

