CG News : जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालुर क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राओं के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक इनमें दो छात्राएं 12वीं और एक छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ती हैं, जिन्होंने हाल ही में अपनी परीक्षाएं भी दी हैं। बताया जा रहा है कि तीनों छात्राएं करीब पांच महीने की गर्भवती हैं, जिससे शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
CG News : सूत्रों के अनुसार इन छात्राओं का स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रसव कार्ड भी बना दिया गया है। शुरुआत में यह दावा किया गया था कि छात्राएं गंगालुर पोटाकेबिन में पढ़ती हैं, लेकिन जिला प्रशासन ने इस बात से इनकार किया है। बीजापुर कलेक्टर संबित मिश्रा ने बताया कि छात्राएं किसी आवासीय छात्रावास में नहीं रह रही थीं, बल्कि घर से ही परीक्षा दे रही थीं। उन्होंने कहा कि 11वीं की एक छात्रा पहले पोटाकेबिन गंगालुर में पढ़ती थी, लेकिन वह पिछले अक्टूबर से अनुपस्थित है। इस पूरे मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।
CG News : दूसरी ओर स्थानीय सूत्रों का कहना है कि गर्भवती होने के बाद छात्राओं को छात्रावास से बाहर कर दिया गया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस की टीम गंगालुर पोटाकेबिन पहुंचकर कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है, हालांकि इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
CG News : बताया जा रहा है कि गर्भवती छात्राओं में से एक नाबालिग भी हो सकती है, लेकिन प्रशासन की ओर से इस पर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। वहीं छात्रावास की अधीक्षिका ने भी इस मामले से अनभिज्ञता जताई है और कहा है कि यह घटना उनके कार्यकाल से जुड़ी नहीं है। इस घटना के सामने आने के बाद छात्रावास की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि छात्राएं छात्रावास से जुड़ी थीं तो इतनी बड़ी स्थिति की जानकारी प्रबंधन को क्यों नहीं हुई।
CG News : इधर इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना को गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले की जांच के लिए अपनी कमेटी बनाएगी, जो मौके पर जाकर पूरी स्थिति की पड़ताल करेगी। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है और मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


