CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध अफीम खेती के खुलासे के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं और 12 मार्च को प्रदेशभर के भाजपा जिला कार्यालयों के घेराव का ऐलान किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में नशे का कारोबार भाजपा नेताओं के संरक्षण में फल-फूल रहा है।
CG News : पार्टी का आरोप है कि इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकर की भूमिका संदिग्ध होने के बावजूद उन्हें मुख्य आरोपी बनाने के बजाय सह-अभियुक्त बनाया गया है। कांग्रेस ने मांग की है कि उन्हें सिर्फ निलंबित करने के बजाय पार्टी से तत्काल बर्खास्त किया जाए। दरअसल, 6 मार्च 2026 को समोदा गांव में अवैध अफीम खेती का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ बच्चों को खेत में अजीब तरह के पौधे दिखाई दिए।
CG News : उन्होंने उसकी तस्वीर इंटरनेट पर सर्च की, तो पता चला कि वह अफीम का पौधा है। इसके बाद गांव में चर्चा शुरू हुई और मामला प्रशासन तक पहुंच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत से करीब 8 करोड़ रुपये कीमत के अफीम के पौधे जब्त किए और भाजपा नेता विनायक ताम्रकर को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह जमीन राजस्थान के जोधपुर निवासी आचल दास ने लीज पर ली हुई थी।
CG News : आरोपी विकास विश्नोई पिछले चार साल से यहां रहकर करीब 13 एकड़ जमीन पर खेती कर रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में विनायक ताम्रकर का काफी दबदबा था। उनके खेतों के आसपास बिना अनुमति के कोई नहीं जा सकता था। कुछ ग्रामीणों ने यहां तक दावा किया कि गांव के कुएं, तालाब और रास्तों पर भी उनका कब्जा था। मामले के खुलासे के बाद गांव में विरोध का माहौल है।
CG News : इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच कुछ देर के लिए बहस भी हुई। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो 12 मार्च को प्रदेशभर में भाजपा जिला कार्यालयों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


