Bihar Accident
Bihar Accident : भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना बिहपुर प्रखंड के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दयालपुर के पास एनएच-31 पर हुई।
Bihar Accident : बस, टेंपो और मिनी ट्रक में जोरदार टक्कर
शाम करीब पौने छह बजे दयालपुर और बगरी रेलवे ब्रिज के बीच एक बस, मजदूरों से भरे पिकअप/मैजिक टेंपो और एक मिनी ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बगरी स्थित ईंट भट्ठे से लगभग 15 मजदूर पिकअप वैन से झंडापुर की ओर लौट रहे थे। तभी बिहपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बस ने वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से आ रहा मिनी ट्रक भी भिड़ गया, जिससे हादसा और भयावह हो गया।
Bihar Accident : मौके पर मची अफरातफरी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो में सवार लोग सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर खून बिखर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
Bihar Accident : चार लोगों की मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक महिला, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
Bihar Accident : गंभीर घायलों को भागलपुर रेफर
गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर स्थित जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज बिहपुर सीएचसी में चल रहा है। घायलों में कटिहार, खगड़िया और आसपास के क्षेत्रों के कई लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


