MP News : दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- वर्ल्ड रिकॉर्ड के आधार पर चल रहा यह आयोजन
MP News : भोपाल। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी चुनौतियों को स्वीकार कर खेल भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यह आयोजन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।
MP News : 100 घंटे तक लगातार चलेगा क्रिकेट महाकुंभ
भोपाल के नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में इस अनूठे टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। यहां दिव्यांग खिलाड़ी लगातार 100 घंटे तक क्रिकेट मैच खेलेंगे। इस दौरान दिन और रात मिलाकर कुल 25 मैच खेले जाएंगे, जो 20-20 ओवर फॉर्मेट में होंगे। टूर्नामेंट में 8 राज्यों की 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
MP News : वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
इस आयोजन के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा और साहस को वैश्विक पहचान दिलाएगा।
MP News : मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दिव्यांग होने के बावजूद खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ी संगीता वैष्णवी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संगीता ने अपनी इच्छाशक्ति के बल पर कई उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि हमारी संस्कृति में दिव्यांगजनों के लिए सम्मानजनक शब्दों और सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा दिव्यांग शब्द को प्रोत्साहित करने की पहल की भी सराहना की गई।
MP News : खेल और समाज के लिए प्रेरणादायक आयोजन
सीएम ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों का इस तरह का प्रदर्शन देश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। मुख्यमंत्री ने कुशाभाऊ ठाकरे न्यास और इंटरनेशनल सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी रिसर्च संस्था को भी आयोजन के लिए बधाई दी।
MP News : कई राजनीतिक और खेल हस्तियां रहीं मौजूद
इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक भगवान दास सबनानी सहित कई नेता, अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर की।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


