UAE President India Visit: नई दिल्ली। भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रिश्तों की गहराई सोमवार को एक बार फिर दुनिया के सामने आई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल से अलग हटकर खुद एयरपोर्ट पहुंचकर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान का स्वागत किया। पीएम मोदी और राष्ट्रपति नहयान का एक ही वाहन में एयरपोर्ट से रवाना होना भी दोनों देशों के आपसी विश्वास और निकटता का प्रतीक माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के विशेष निमंत्रण पर यूएई राष्ट्रपति भारत की संक्षिप्त लेकिन अहम आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे हैं। यह दौरा भले ही करीब दो घंटे का रहा, लेकिन इसके पीछे रणनीतिक, आर्थिक और वैश्विक स्तर पर बड़ा एजेंडा छिपा हुआ है।
UAE President India Visit: ‘भाई’ कहकर किया स्वागत, सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति नहयान के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए उन्हें अपना “भाई” बताया। उन्होंने लिखा कि एयरपोर्ट जाकर स्वागत करना भारत-यूएई की मजबूत दोस्ती और आपसी सम्मान को दर्शाता है। राष्ट्रपति नाहयान के राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका तीसरा भारत दौरा है, जबकि बीते एक दशक में वे कुल पांच बार भारत आ चुके हैं।
UAE President India Visit: कम समय, लेकिन अहम बातचीत
सूत्रों के अनुसार, इस छोटी अवधि की मुलाकात में दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। वर्ष 2022 में हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) के बाद द्विपक्षीय व्यापार को और गति देने, रक्षा सहयोग को मजबूत करने और भारत की ऊर्जा जरूरतों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक हालात पर भी नेताओं ने गहन चर्चा की। ईरान-अमेरिका के बीच तनाव, पश्चिम एशिया की बदलती राजनीतिक स्थिति, यमन संकट और गाजा में हालात जैसे संवेदनशील विषय बातचीत का हिस्सा रहे।
UAE President India Visit: रणनीतिक साझेदारी को मिल रही नई मजबूती
विशेषज्ञों का मानना है कि इतने कम समय के लिए यूएई राष्ट्रपति का भारत आना यह संकेत देता है कि दोनों देश आपसी संपर्क को लगातार बनाए रखने और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सितंबर 2024 में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद की भारत यात्रा के बाद यह दौरा दोनों देशों के घनिष्ठ संबंधों को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


