MP News : भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से 8 लोगों की मौत, 66 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती
MP News : इंदौर। इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी ने गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस संकट के कारण अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है और 66 से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जोनल अधिकारी शालिग्राम शितोले और प्रभारी असिस्टेंट इंजीनियर योगेश जोशी को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाने की घोषणा की गई है।
MP News : स्थानीय लोगों और रिपोर्टों के मुताबिक, नंद लाल पाल, तारा बाई, उमा कोरी, गोमती रावत, सीमा प्रजापति, मंजूलता, उर्मिला यादव और संतोष बिचौलिया की मौत दूषित पानी के कारण हुई। हालांकि प्रशासन का दावा है कि इनमें से केवल तीन मौतें सीधे दूषित पानी से हुई हैं, जबकि अन्य पांच मौतें कार्डियक अरेस्ट के कारण हुईं। इलाके में उल्टी-दस्त और पेट दर्द से लगभग 2000 लोग प्रभावित हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर सर्वे शुरू किया है और अब तक 1100 से अधिक घरों की जांच की जा चुकी है।
MP News : इस घटना को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इंदौर की जनता ने सांसद, सभी 9 विधायक और महापौर चुने, लेकिन बदले में उन्हें “पानी में जहर” मिला। पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इंदौर के प्रभारी मंत्री होने के बावजूद यह स्थिति उत्पन्न हुई।
MP News : सरकार ने प्रभावित इलाके में पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट 48 घंटे में आने की उम्मीद है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पानी को उबालकर ही पिएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले की त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं और तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो पूरे मामले की रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


