MP News
MP News : सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांव में रविवार को एक भीषण हादसा हो गया। चलती बाइक में अचानक हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक भारी मात्रा में डेटोनेटर लेकर जा रहा था, तभी धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई और युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
MP News : मृतक की पहचान 30 वर्षीय सुखराम बरेला, निवासी जमली के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुखराम कुओं में ब्लास्टिंग का काम करता था और रविवार दोपहर किसी कार्य से रामनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
MP News : घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में डेटोनेटर जैसी विस्फोटक सामग्री होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने कहा कि विस्फोटक के प्रकार की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

