Raipur City News
Raipur City News : रायपुर। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को मजबूत करने के उद्देश्य से रायपुर रेल मंडल के सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर ‘पैनिक बटन’ की सुविधा शुरू कर दी गई है। यह व्यवस्था किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के लिए लागू की गई है। अब स्टेशन परिसर में किसी भी तरह की परेशानी होने पर यात्री केवल पैनिक बटन दबाकर रेलवे प्रशासन तक अपनी समस्या पहुंचा सकते हैं।
Raipur City News : रेलवे स्टेशनों पर लगाए गए पैनिक बटन सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े हैं और इन्हें सीसीटीवी कैमरों के साथ इंस्टॉल किया गया है। जैसे ही कोई यात्री बटन दबाता है, कंट्रोल रूम में अलर्ट पहुंच जाता है और आरपीएफ, जीआरपी व संबंधित रेलवे अधिकारियों को तुरंत सूचना मिलती है। इसके बाद 2 से 5 मिनट के भीतर सहायता टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालती है। यह सुविधा विशेष रूप से शाम और रात के समय छोटे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहद उपयोगी मानी जा रही है।
Raipur City News : कुम्हारी रेलवे स्टेशन समेत मंडल के सभी स्टेशनों पर पैनिक बटन ऐसे स्थानों पर लगाए गए हैं, जहां सामने सीसीटीवी कैमरे मौजूद हैं। इससे बटन दबाने वाले व्यक्ति की गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई असामाजिक तत्व इस सुविधा का गलत इस्तेमाल करता है, तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि पैनिक बटन का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें।
Raipur City News : रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी ने बताया कि इस नई व्यवस्था से यात्रियों को मदद के लिए फोन कॉल या सोशल मीडिया का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पैनिक बटन दबाते ही सिस्टम स्वतः सक्रिय हो जाएगा और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ जाएंगी। रेलवे का मानना है कि इस पहल से स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी और यात्रियों का भरोसा भी बढ़ेगा।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


