Sex racket: नाबालिग को बंधक बनाकर देह व्यापार करवाने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार, मोहन नगर थाना पुलिस ने किया रेस्क्यू
Sex racket: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर देह व्यापार के लिए मजबूर करने के मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रीति बेसरा (22 वर्ष, दल्लीराजहरा, हाल निवास उरला) और सीमा सोनी (47 वर्ष, उरला) के रूप में हुई है। दोनों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Sex racket: पुलिस के अनुसार, पीड़िता मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की रहने वाली है। उसने थाना मोहन नगर में लिखित शिकायत दर्ज कर बताया कि वह नवरात्रि के दौरान मैहर घूमने के लिए घर से निकली थी। मेला समाप्त होने के बाद कटनी रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात प्रीति बेसरा से हुई। प्रीति ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे दुर्ग लाया। दुर्ग पहुंचने पर प्रीति ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो खींचकर अन्य लोगों को भेजे और उसे उरला स्थित एक मकान में बंधक बनाकर देह व्यापार के लिए मजबूर किया। विरोध करने पर उसे धमकाया गया और जबरदस्ती दबाव बनाया गया।
Sex racket: पीड़िता ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर मोहन नगर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 137(2), 98, 64(2), 115(2), 3(5) बीएनएस, 4, 6 पाक्सो एक्ट और 3, 4, 5, 7 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

