CG News
CG News : रायपुर। राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवारों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। युद्ध और सैनिक कार्रवाई में शहीद सैनिकों की पत्नी या आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने का फैसला किया गया है। इसी तरह, परमवीर चक्र प्राप्त वीर जवानों को 40 लाख रुपये के स्थान पर 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित छठी राज्य सैनिक समिति की बैठक में लिया गया।
CG News : सैनिकों के बलिदान को नमन, कल्याण योजनाओं पर चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “हमारे वीर सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर करते हैं। 140 करोड़ देशवासियों की रक्षा में वे दिन-रात तैनात रहते हैं। उनका शौर्य और बलिदान हमें नमन करने को प्रेरित करता है। सरकार भूतपूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं और आश्रितों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।” बैठक में शहीदों की वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों से भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सीधा लाभ मिलेगा। सदस्यों के सुझावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
CG News : अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हित में कई अन्य फैसले लिए गए:
- सैनिकों के माता-पिता को दी जाने वाली जंगी इनाम राशि को 5 हजार रुपये प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया गया।
- युद्ध या सैनिक कार्रवाई में दिव्यांग हुए सैनिकों की अनुदान राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये किया गया।
- सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं को प्रथम भूमि या गृह क्रय करने पर 25 लाख रुपये तक के स्टांप शुल्क में छूट दी जाएगी।
- विभिन्न शौर्य अलंकरण प्राप्त सैनिकों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में भी वृद्धि की गई।
CG News : बैठक की प्रगति रिपोर्ट और गतिविधियां
बैठक में सैनिक कल्याण संचालनालय के संचालक एवं राज्य सैनिक समिति के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा (विशिष्ट सेवा मेडल) ने राज्य सैनिक बोर्ड की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने 13 जनवरी 2012 को आयोजित पांचवीं बैठक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और छठी बैठक के एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मुख्यमंत्री को बाल वृक्ष भेंट किया।
CG News : प्रमुख उपस्थित सदस्य
बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रायपुर बृजमोहन अग्रवाल, मध्य भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत (पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम), अपर मुख्य सचिव गृह विभाग मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, केंद्रीय सैनिक बोर्ड नई दिल्ली के सचिव ब्रिगेडियर डी.एस. बसेरा (विशिष्ट सेवा मेडल), कमांडर छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सब एरिया ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा (सेना मेडल), सचिव वित्त विभाग अंकित आनंद, सचिव सामान्य प्रशासन विभाग अविनाश चंपावत, मेजर जनरल संजय शर्मा (से.नि), विंग कमांडर ए. श्रीनिवास राव (से.नि), विक्रांत सिंह एवं राजेश कुमार पाण्डेय जैसे प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


