CG News
CG News: दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां शादी की तैयारी के बीच एक युवती ने अपनी जान दे दी। भिलाई के पावर हाउस क्षेत्र स्थित एक लॉज में बलिया (उत्तर प्रदेश) से आई 24 वर्षीय पूजा साहनी ने शादी के दिन आत्महत्या कर ली। इस घटना से विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में दुल्हन की डोली उठनी थी, वहां अब अर्थी सजाई गई।
CG News: शादी की सुबह उठी चीख-पुकार
पूजा साहनी की शादी 23 मई 2025 को भिलाई निवासी युवक से तय थी। वह दो दिन पहले अपने परिवार के साथ आधुनिक लॉज में ठहरी थी। शुक्रवार सुबह जब पूजा अपने कमरे से काफी देर तक बाहर नहीं निकली, तो परिजनों को आशंका हुई। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सब सन्न रह गए, पूजा का शव बाथरूम में दुपट्टे के सहारे फंदे पर झूल रहा था।
CG News: सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
CG News: फोन डिटेल्स और मैसेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी के मुताबिक, पूजा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और मैसेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा, परिजनों और लॉज के स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कहीं युवती किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य किसी दबाव का शिकार तो नहीं थी।
CG News: परिवार में पसरा मातम, जांच जारी
पूजा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी की तैयारियों में जुटे परिवार के सदस्य अब गहरे सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

