अल्लू अर्जुन और एटली की फिल्म के पोस्टर पर विवाद, फैंस ने चोरी के लगाए आरोप...
मुंबई : साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और मशहूर डायरेक्टर एटली कुमार की नई फिल्म का पोस्टर सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गया है। फैंस का आरोप है कि इस फिल्म का पोस्टर हॉलीवुड फिल्म ‘ड्यून’ से चोरी किया गया है। इस विवाद ने फिल्म के ऐलान के बाद ही सुर्खियां बटोरीं हैं।
8 अप्रैल को अल्लू अर्जुन के जन्मदिन के मौके पर फिल्म के मेकर्स ने इस साई-फाई फिल्म की पहली झलक पेश की। हालांकि, अभी फिल्म का नाम सामने नहीं आया है। अल्लू के बर्थडे के दौरान सन पिक्चर्स ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें अल्लू अर्जुन और एटली कुमार सन पिक्चर्स के ऑफिस में नजर आ रहे थे और बाद में हॉलीवुड के वीएफएक्स एक्सपर्ट्स से भी मुलाकात करते दिखाई दिए। इस वीडियो को अच्छे खासे व्यूज मिले थे और इसके बाद मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर भी जारी किया।

हालांकि, पोस्टर जारी होने के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू कर दी। यूजर्स का कहना है कि फिल्म का पोस्टर हॉलीवुड की फिल्म ‘ड्यून’ से कॉपी किया गया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर लगातार कमेंट कर रहे हैं और एक यूजर ने तो यह तक लिख दिया कि ‘क्या यह पोस्टर ड्यून जैसा नहीं लग रहा?’ अन्य यूजर्स ने भी फिल्म के विजन को ‘जीरो’ बताया और इसकी तुलना हॉलीवुड फिल्म्स से की।
यह फिल्म वीएफएक्स पर भारी रकम खर्च करने के लिए भी चर्चा में है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म के वीएफएक्स के लिए मेकर्स 250 करोड़ रुपये खर्च करने वाले हैं। वहीं, फिल्म का कुल बजट 800 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

