Tiranga Controversy CT 2025: तिरंगे को लेकर फिर विवाद, पाकिस्तानी अधिकारियों की शर्मनाक हरकत, देखें विडियो...
लाहौर: Tiranga Controversy CT 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान पाकिस्तान में एक बार फिर भारतीय तिरंगे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में तिरंगा लहराने वाले भारतीय फैन को जबरन स्टेडियम से बाहर निकालने की घटना सामने आई है।
क्या है पूरा मामला?
लाहौर में खेले गए ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड मैच के दौरान एक भारतीय फैन स्टेडियम में तिरंगा लेकर बैठा था। जैसे ही पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों की नजर उस पर पड़ी, वे तुरंत उसे धमकाने लगे और फिर खींचकर स्टेडियम से बाहर निकाल दिया। एक अधिकारी ने फैन की शर्ट पकड़ ली, जबकि दूसरे ने तिरंगा जब्त कर लिया।
सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की किरकिरी
वीडियो वायरल होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना हो रही है। फैंस ने पाकिस्तान की संकीर्ण सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह खेल भावना के खिलाफ है।
Tiranga Controversy CT 2025: पहले भी हो चुका है तिरंगे का अपमान
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ने तिरंगे को लेकर विवादित हरकत की है। इससे पहले टूर्नामेंट शुरू होने पर पाकिस्तान ने अपने स्टेडियम में भारत का झंडा लगाने से इनकार कर दिया था। आईसीसी के नियमों के मुताबिक, मेजबान देश को सभी प्रतिभागी देशों के झंडे लगाने होते हैं, लेकिन पाकिस्तान ने ऐसा नहीं किया। जब आलोचना बढ़ी, तब जाकर उसने तिरंगे को जगह दी।
भारत ने पाकिस्तान में खेलने से किया इनकार
गौरतलब है कि सुरक्षा चिंताओं के कारण टीम इंडिया ने पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया और अपने मैच यूएई (दुबई) में खेलने का फैसला किया। हालांकि, भारतीय टीम भले ही वहां नहीं गई हो, लेकिन भारतीय फैंस की मौजूदगी पाकिस्तान को रास नहीं आ रही है।
खेल भावना को ठेस पहुंची
इस घटना ने पाकिस्तान की संकीर्ण मानसिकता और खेल भावना की कमी को उजागर कर दिया है। फैंस का कहना है कि एक वैश्विक टूर्नामेंट में इस तरह की हरकत से पाकिस्तान की छवि और ज्यादा खराब हुई है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


