अंबिकापुर आगजनी कांड: भाजपा नेत्री उमा पांडेय गिरफ्तार
अंबिकापुर : अंबिकापुर में एक दुकान में आगजनी के मामले में सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा की नेत्री उमा पांडेय को गिरफ्तार किया है। आगजनी की घटना आपसी रंजिश के चलते हुई थी, जिसमें उमा पांडेय ने सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया था। पुलिस ने पहले ही आगजनी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
यह मामला अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अग्रसेन चौक स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से जुड़ा है, जहां 24 दिसंबर 2024 और 3 जनवरी 2025 को आगजनी की घटनाएं हुई थीं। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों का वीडियो कैद हुआ था, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भाजपा नेत्री उमा पांडेय ने उन्हें आग लगाने के लिए 25 हजार रुपये की सुपारी दी थी, जिसके बदले में उन्होंने दो बार आगजनी की। पुलिस ने अब उमा पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

