विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के तीसरे संस्करण की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। टूर्नामेंट का आगाज 6 या 7 फरवरी 2025 से हो सकता है। इस बार टूर्नामेंट के वेन्यू पर भी अंतिम फैसला ले लिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाइनल मुकाबले की मेजबानी बड़ौदा को मिल सकती है। दो सफल संस्करणों के बाद, अब तीसरे संस्करण के लिए नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब केवल टूर्नामेंट की शुरुआत का इंतजार है।
बड़ौदा और लखनऊ होंगे मेज़बान
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने विमेंस प्रीमियर लीग 2025 के आयोजन के लिए बड़ौदा और लखनऊ को चुना है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इन दोनों शहरों के क्रिकेट एसोसिएशनों से बातचीत भी शुरू कर दी है। संभावना है कि टूर्नामेंट के दो चरणों में से दूसरा चरण बड़ौदा में आयोजित किया जाएगा।
फाइनल मुकाबला मार्च में संभावित
फाइनल मुकाबला 8 या 9 मार्च 2025 को खेले जाने की संभावना है। बड़ौदा कोटांबी स्टेडियम, जिसने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, इस मैच की मेजबानी कर सकता है। यह मैदान पहले ही भारत और वेस्टइंडीज की महिला टीमों के वनडे मैच और कई सीनियर महिला टी20 टूर्नामेंट के मुकाबलों की मेज़बानी कर चुका है। रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबलों के लिए भी इस मैदान का चयन किया गया है।

23 मैच, दो चरणों में टूर्नामेंट
WPL 2025 में पांच टीमें चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेंगी। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने खिताब को बचाने के लिए उतरेगी, जबकि बाकी टीमें इस खिताब को अपने नाम करने की कोशिश करेंगी। टूर्नामेंट के दौरान कुल 23 मैच खेले जाएंगे, जो दो चरणों में आयोजित होंगे।
WPL का पहला संस्करण पूरी तरह से मुंबई में खेला गया था, जबकि दूसरा संस्करण बेंगलुरु और दिल्ली में आयोजित हुआ। तीसरे संस्करण में बड़ौदा और लखनऊ को वेन्यू के रूप में चुना गया है। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन ने बीसीसीआई से दूसरे चरण की मेजबानी का आग्रह किया है ताकि स्टेडियम के शेष कार्यों को पूरा करने का समय मिल सके।
WPL का बढ़ता दायरा
विमेंस प्रीमियर लीग का दायरा हर संस्करण के साथ बढ़ता जा रहा है। नई सुविधाओं और बेहतर वेन्यू के साथ, यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रहा है।