Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Uttarakhand : राहुल गांधी के बयान पर CM धामी का पलटवार, बोले- चाय के कप में जाति और भेदभाव न खोजें

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर छोटे-बड़े विषय में जाति और राजनीति तलाशना सही नहीं है। उन्होंने इसे समाज को बांटने वाली सोच बताते हुए सामाजिक समरसता पर जोर दिया।

Uttarakhand : राहुल गांधी के बयान पर CM धामी का पलटवार, बोले- चाय के कप में जाति और भेदभाव न खोजें
X

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के चाय के कप से जुड़े जातिगत भेदभाव के बयान पर पलटवार किया है। खटीमा दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर छोटे-बड़े विषय में जाति और राजनीति तलाशना सही नहीं है। उन्होंने इसे समाज को बांटने वाली सोच बताते हुए सामाजिक समरसता पर जोर दिया।

खटीमा में लोगों के साथ चाय पीते नजर आए CM धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा में स्थानीय लोगों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने लोगों के साथ चाय भी पी। मुख्यमंत्री ने डिस्पोजेबल कप में चाय पीते हुए राहुल गांधी के बयान का जिक्र किया और कहा कि उन्हें इस दौरान केवल चाय का स्वाद और स्थानीय लोगों का अपनापन महसूस हुआ, उन्हें कहीं कोई जातिगत भेदभाव नजर नहीं आया।

चाय के कप में भी जाति तलाशना राजनीति की पराकाष्ठा

सीएम धामी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चाय के कप में भी जाति और भेदभाव तलाशना संकीर्ण राजनीति की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि हर मुद्दे को जाति और राजनीति के चश्मे से देखना समाज के लिए उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कप डिस्पोजेबल हो सकता है, लेकिन सोच डिस्पोजेबल नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक राजनीति का उद्देश्य समाज को जोड़ना होना चाहिए, न कि लोगों के बीच विभाजन की भावना पैदा करना।

उत्तराखंड की संस्कृति का किया जिक्र

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी अपनत्व से रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की संस्कृति लोगों को एक-दूसरे के साथ जोड़ने की सीख देती है। ऐसे में समाज में जाति के आधार पर विभाजन पैदा करने के बजाय एकता और भाईचारे को मजबूत करने की जरूरत है।

राहुल गांधी ने चाय के कप को लेकर क्या कहा था?

दरअसल, राहुल गांधी ने अपने एक बयान में भारत यात्रा के दौरान चाय की दुकानों पर कथित तौर पर अलग-अलग तरह के कप इस्तेमाल किए जाने का जिक्र किया था। उन्होंने दावा किया था कि कुछ जगहों पर दलितों के लिए डिस्पोजेबल कप और अन्य लोगों के लिए कांच के कप इस्तेमाल होते देखे गए।

राहुल गांधी के इसी बयान को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हुई। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में इसका जवाब देते हुए जाति और भेदभाव के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उनके बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019