Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Char Dham Yatra : खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा की यात्रा स्थगित, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।

Char Dham Yatra : खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा की यात्रा स्थगित, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
X

देहरादून। उत्तराखंड में खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।

चारधाम यात्रा शनिवार दोपहर से रविवार तक स्थगित रहेगी। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।


जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में चारधाम यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। प्रशासन को मौसम की लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।


पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर शामिल हैं।

इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।


रविवार को भी खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट तथा बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।


भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क बंद होने और अन्य प्राकृतिक जोखिमों की संभावना बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने का फैसला लिया है।

मौसम सामान्य होने के बाद प्रशासन हालात की समीक्षा करेगा और इसके बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019