Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Helicopter Crash Update: बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली में क्रैश, हादसे में पायलट समेत 6 लोगों की मौत

Helicopter Crash Update: उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव की पहाड़ी के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

Helicopter Crash Update: बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली में क्रैश, हादसे में पायलट समेत 6 लोगों की मौत
X

जोशीमठ। उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर वापस लौट रहा था। जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र में चाई गांव की पहाड़ी के पास हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया था। शुरुआती तौर पर उसके लापता होने की सूचना मिली थी, लेकिन सर्च ऑपरेशन के दौरान दुर्घटना की जानकारी सामने आई।

बद्रीनाथ से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर रवाना हुआ था। जोशीमठ क्षेत्र को पार करते समय हेलीकॉप्टर का संपर्क ट्रैकिंग सिस्टम से टूट गया। इसके बाद मारवाड़ी क्षेत्र के पास चाई गांव की पहाड़ी के आसपास उसकी तलाश शुरू की गई। हेलीकॉप्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX बताया गया है।

पायलट समेत 6 लोगों की गई जान

हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा पांच यात्री सवार थे। हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई। यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा के रूप में बताई गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी पांच यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे।

प्रशासन और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय हो गईं। अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश के मुताबिक, क्षेत्र में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान में SDRF की टीम के साथ सेना की यूनिट को भी लगाया गया। खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आईं।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि जोशीमठ के पास चाई गांव में हेलीकॉप्टर दुर्घटना की दुखद सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

ट्रैकिंग सिस्टम से अचानक गायब हुआ हेलीकॉप्टर

एविएशन अधिकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने बद्रीनाथ से दोपहर 1:14 बजे उड़ान भरी थी। जोशीमठ क्षेत्र को पार करते समय वह ट्रैकिंग सिस्टम से अचानक गायब हो गया। इसके बाद कंपनी को हेलीकॉप्टर की लोकेशन और स्थानीय स्तर पर भी तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी। यात्री मैनिफेस्ट के आधार पर हेलीकॉप्टर में कुल छह लोगों के सवार होने की जानकारी मिली थी। प्रशासन, SDRF और सेना की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे जांच की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019