UK : बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी के आरोप, मंदिर समिति ने दिए जांच के आदेश
UK: देहरादून: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले के बाद अब बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे और दान की राशि में कथित हेराफेरी के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर आरोप वायरल होने के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
जांच समिति होगी गठित
बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। इसके लिए जांच समिति बनाई जाएगी और संबंधित कर्मचारियों से जवाब भी मांगा गया है। यदि जांच में कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निजी सचिव को लेकर भी दी सफाई
हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर जिस कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया जा रहा है, वह उनका पर्सनल सेक्रेटरी नहीं है। वह मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है और पहले भी कई पूर्व अध्यक्षों के साथ वैयक्तिक सहायक के रूप में काम कर चुका है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
भैरव सेना संगठन ने मंदिर से जुड़े वित्तीय मामलों में अनियमितता की शिकायत की है। इसके बाद समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन रांगड़ ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
दोषियों पर होगी कार्रवाई
मंदिर समिति ने कहा है कि जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर होगी। यदि आरोप सही पाए गए तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

