Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP News : योगी सरकार की नई पहल, 1,235 स्कूलों में बच्चों के लिए मिलेंगे ब्लूटूथ स्पीकर; 61.75 लाख मंजूर

उत्तर प्रदेश में बच्चों की शुरुआती शिक्षा को और बेहतर व रोचक बनाने के लिए योगी सरकार ने नई पहल की है। सरकार प्रदेश के 1,235 पीएम श्री विद्यालयों में संचालित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं के लिए ब्लूटूथ स्पीकर उपलब्ध कराएगी।

UP News : योगी सरकार की नई पहल, 1,235 स्कूलों में बच्चों के लिए मिलेंगे ब्लूटूथ स्पीकर; 61.75 लाख मंजूर
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बच्चों की शुरुआती शिक्षा को और बेहतर व रोचक बनाने के लिए योगी सरकार ने नई पहल की है। सरकार प्रदेश के 1,235 पीएम श्री विद्यालयों में संचालित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं के लिए ब्लूटूथ स्पीकर उपलब्ध कराएगी।

इस योजना के तहत प्रत्येक विद्यालय को अधिकतम 5 हजार रुपये की सीमा में ब्लूटूथ स्पीकर दिए जाएंगे। इसके लिए सरकार ने कुल 61.75 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।


कहानी, कविता और गीतों से विकसित होगी सीखने की क्षमता

सरकार का उद्देश्य बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को गतिविधि आधारित बनाना है। ब्लूटूथ स्पीकर का इस्तेमाल खास तौर पर 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए किया जाएगा।

इसके जरिए बच्चों को कहानी, कविता, गीत, पहेली और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इससे बच्चों में सुनने, बोलने, समझने और अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की क्षमता को विकसित करने में मदद मिलेगी।


राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत उठाया गया कदम

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। इसी उद्देश्य के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नई गतिविधियों को शामिल किया जा रहा है।

ब्लूटूथ स्पीकर की सुविधा मिलने से शिक्षण गतिविधियों को अधिक प्रभावी और आकर्षक तरीके से संचालित किया जा सकेगा।


हर पीएम श्री विद्यालय को मिलेगी सुविधा

प्रदेश के 1,235 पीएम श्री विद्यालयों में स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में एक-एक ब्लूटूथ स्पीकर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्रति विद्यालय अधिकतम 5 हजार रुपये की राशि तय की गई है।

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि स्पीकर की गुणवत्ता और उसके उपयोग की नियमित निगरानी की जाए, ताकि बच्चों को इसका पूरा लाभ मिल सके।


स्पीकर में होंगे आधुनिक फीचर

ब्लूटूथ स्पीकर के लिए तकनीकी मानक भी तय किए गए हैं। इनमें 30 वाट या उससे अधिक पावर, ब्लूटूथ 5.3 या उच्चतर कनेक्टिविटी, कम से कम 10 मीटर रेंज, रिचार्जेबल बैटरी और टाइप-C चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

इसके अलावा स्पीकर में माइक्रोफोन इनपुट, वॉल्यूम कंट्रोल और प्लेबैक कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। सरकार का मानना है कि यह सुविधा बच्चों के सीखने के अनुभव को और बेहतर बनाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019