Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP News : जेल की चारदीवारी में भी कायम रहा करवा चौथ का प्रेम, 20 महिला बंदियों ने रखा निर्जला व्रत

रायबरेली जिला कारागार में जेल प्रशासन ने पूजा की व्यवस्था कराई, चांद को अर्घ्य देकर महिलाओं ने खोला व्रत, पतियों से भी हुई मुलाकात

UP News : जेल की चारदीवारी में भी कायम रहा करवा चौथ का प्रेम, 20 महिला बंदियों ने रखा निर्जला व्रत
X

UP News : रायबरेली। करवा चौथ का पर्व पति की लंबी उम्र और वैवाहिक जीवन की खुशहाली की कामना का प्रतीक है। इस पर्व की आस्था और प्रेम का अनोखा नजारा रायबरेली जिला कारागार में देखने को मिला, जहां जेल की चारदीवारी के भीतर रहकर भी 20 महिला बंदियों ने अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखा। घर-परिवार से दूर होने के बावजूद महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पर्व की परंपरा निभाई।

सुबह से ही महिला बैरकों में करवा चौथ की तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिला बंदियों को पूजा-पाठ में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जेल प्रशासन ने पूजन सामग्री और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। बैरकों में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। जेल कर्मचारियों ने दिनभर महिलाओं का सहयोग किया।

जेल प्रशासन ने कराई पतियों से मुलाकात

जेल अधीक्षक प्रभात सिंह के मुताबिक, जिन महिला बंदियों के पति भी जेल में निरुद्ध हैं, उनकी मुलाकात कराने की व्यवस्था की गई। वहीं, जेल से बाहर रह रहे पतियों से मिलने के लिए भी विशेष समय निर्धारित किया गया, ताकि महिलाएं करवा चौथ के अवसर पर अपने पतियों से मिल सकें।

चांद दिखा तो छलक उठीं आंखें

शाम को चांद निकलने के बाद महिला बंदियों ने चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपना व्रत खोला। इस दौरान पतियों से मुलाकात के कुछ पल कई महिलाओं के लिए बेहद भावुक कर देने वाले रहे। किसी ने अपने पति का हाल जाना तो किसी ने परिवार की खुशहाली की कामना की।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019