UP में उतरेंगी 3 ग्लोबल कंपनियां, ₹6,566 करोड़ का होगा निवेश; मेरठ-उन्नाव बनेंगे एल्युमिनियम कैन मैन्युफैक्चरिंग हब
उत्तर प्रदेश अब एल्युमिनियम बेवरेज कैन और एडवांस पैकेजिंग मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश अब एल्युमिनियम बेवरेज कैन और एडवांस पैकेजिंग मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में वैश्विक निवेशकों की बढ़ती रुचि के बीच तीन बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियां क्राउन होल्डिंग्स, बॉल कॉर्पोरेशन और कैनपैक इंडिया मेरठ और उन्नाव में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने जा रही हैं।
इन तीनों परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में कुल ₹6,566 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। इससे एल्युमिनियम पैकेजिंग सेक्टर को मजबूती मिलने के साथ रोजगार और स्थानीय उद्योगों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
CM योगी से मिले ग्लोबल कंपनियों के प्रतिनिधि
ग्लोबल पैकेजिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्रदेश में प्रस्तावित निवेश योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में क्राउन होल्डिंग्स, बॉल कॉर्पोरेशन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश में आधुनिक तकनीक, निवेश, रोजगार और सप्लाई चेन आधारित औद्योगिक इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलेगा।
उन्नाव में क्राउन लगाएगी ₹2,078 करोड़ का प्लांट
क्राउन पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड उन्नाव के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) में अपनी पहली भारतीय मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रही है।
करीब 40 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस प्लांट में लगभग ₹2,078.44 करोड़ का निवेश किया जाएगा। शुरुआती चरण में यहां हर साल करीब 116.2 करोड़ एल्युमिनियम कैन का उत्पादन होगा, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 178.6 करोड़ कैन तक किया जा सकता है। इस परियोजना से 200 से ज्यादा प्रत्यक्ष और करीब 1,500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन का ₹2,913 करोड़ निवेश प्रस्ताव
अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन मेरठ में एल्युमिनियम बेवरेज कैन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की तैयारी में है। कंपनी की इस परियोजना में लगभग ₹2,913 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। करीब 40 एकड़ में विकसित होने वाली इस यूनिट से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पैकेजिंग उद्योग को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही बेवरेज, एफएमसीजी, फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग जैसे क्षेत्रों में भी नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
कैनपैक उन्नाव में लगाएगी ₹1,574 करोड़ की यूनिट
एल्युमिनियम पैकेजिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी कैनपैक इंडिया भी उन्नाव में अपनी ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब ₹1,574.62 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। लगभग 26 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाली इस इकाई की उत्पादन क्षमता करीब 130 करोड़ कैन प्रति वर्ष होगी।
निवेश से तैयार होगी पूरी सप्लाई चेन
सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं का लाभ केवल कैन उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगा। बड़े उद्योगों के आसपास कच्चे माल, मशीनरी, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और मेंटेनेंस जैसे क्षेत्रों में भी गतिविधियां बढ़ेंगी। इसके अलावा स्थानीय एमएसएमई और छोटे उद्योगों को इन वैश्विक कंपनियों की सप्लाई चेन से जुड़ने का मौका मिलेगा।
IMLC बन रहे बड़े निवेश केंद्र
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विकसित किए जा रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) अब बड़े निवेश के केंद्र बन रहे हैं। मेरठ और उन्नाव में ग्लोबल कंपनियों की स्थापना से प्रदेश में एडवांस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूती मिलेगी।
योगी सरकार का फोकस निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के साथ-साथ रोजगार, कौशल विकास और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने पर है। एल्युमिनियम पैकेजिंग क्षेत्र की ये परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को इस सेक्टर में एक मजबूत औद्योगिक पहचान दिला सकती हैं।


