Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP Crime: पसंद की शादी करने पर बेटी को पिता ने मारी गोली, मां की चीख-पुकार के बीच हुई वारदात, युवती की हालत गंभीर

मैनपुरी में शादी को लेकर विवाद, बेटी साजिया के सिर में गोली मारने का आरोप; गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर, आरोपी पिता हिरासत में।

UP Crime: पसंद की शादी करने पर बेटी को पिता ने मारी गोली, मां की चीख-पुकार के बीच हुई वारदात, युवती की हालत गंभीर
X

UP Crime: मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शादी को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। अपनी पसंद के युवक से शादी करने की इच्छा रखने वाली बेटी पर उसके ही पिता ने गोली चला दी। गोली सिर में लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

मामला एलाऊ थाना क्षेत्र के दिवनपुर शांतिनगर का है। जानकारी के मुताबिक, आसिन अपनी बेटी साजिया की शादी अपनी पसंद के युवक से कराना चाहता था, जबकि साजिया किसी अन्य युवक से शादी करना चाहती थी। इसी बात को लेकर परिवार में करीब डेढ़ महीने से विवाद चल रहा था।

रविवार दोपहर करीब 1ः30 बजे परिवार के लोग आराम कर रहे थे। साजिया दूसरे कमरे में चारपाई पर लेटी हुई थी, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उसकी मां खैरून निशा कमरे में पहुंचीं तो बेटी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। आरोप है कि उस समय साजिया का पिता हथियार लेकर वहीं खड़ा था।

बेटी की हालत देखकर मां चीखने लगीं। आरोप है कि इसके बाद आसिन ने पत्नी पर भी गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि, खैरून निशा अपनी अन्य बेटियों के साथ दूसरे कमरे में चली गईं और दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल साजिया को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया गया है कि गोली उसके सिर में फंसी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019