UP Crime : शराब के नशे में खूनी बना पिता, कुल्हाड़ी से इकलौते बेटे की हत्या कर शव को चादर से ढका
बदायूं के बच्ची गांव में शराब पीने के दौरान पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद, वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की।

UP Crime : बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पिता-पुत्र के रिश्ते को झकझोर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। उसहैत थाना क्षेत्र के बच्ची गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक पिता पर अपने ही इकलौते बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी ने बेटे के शव को चारपाई पर लिटाकर चादर से ढक दिया और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, गांव बच्ची निवासी 35 वर्षीय राम अवतार अपने परिवार के साथ बदायूं शहर में किराए के मकान में रहता था। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वहीं, उसका पिता नरेश ठेले पर सब्जी बेचता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को पिता-पुत्र किसी काम से अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। यहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नरेश ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और राम अवतार के गले पर वार कर दिया। हमले में राम अवतार की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने बेटे के शव को घर के अंदर चारपाई पर लिटाया और चादर से ढक दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर उसहैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस फरार आरोपी नरेश की तलाश में दबिश दे रही है।


