UP Crime : कंटेनर के केबिन में बना रखा था गुप्त बॉक्स, 1.25 करोड़ का गांजा के साथ चालक गिरफ्तार
चंदौली में एएनटीएफ गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कंटेनर के गुप्त बॉक्स से 2 क्विंटल 51 किलो गांजा बरामद, झारखंड निवासी चालक को गिरफ्तार कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू की गई।

UP Crime : डीडीयू नगर। चंदौली में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एएनटीएफ गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 2 क्विंटल 51 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
केबिन में छिपा था गुप्त बॉक्स
पुलिस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि कंटेनर के जरिए गांजे की खेप रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने कटरिया सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया। तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन में एक गुप्त बॉक्स दिखाई दिया। पुलिस ने बॉक्स को खुलवाया तो उसके अंदर 120 बंडलों में गांजा छिपाकर रखा गया था। वजन कराने पर कुल गांजा 2 क्विंटल 51 किलो निकला।
चालक के पास से दस्तावेज और नकदी भी मिली
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बजरंग कुमार सिंह निवासी बोकारो, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, एटीएम कार्ड और 900 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
डिलीवरी से पहले पुलिस ने पकड़ा
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह झारखंड से गांजे की खेप लेकर रामनगर में डिलीवरी देने पहुंच रहा था। आरोपी ने बताया कि गांजा उसे मंटू सिंह नाम के व्यक्ति ने रामनगर पहुंचाने के लिए दिया था। पुलिस अब मंटू सिंह समेत तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में अलीनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


