Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP Congress Clash: लखनऊ में कांग्रेस दफ्तर में जमकर बवाल, आराधना मिश्रा और अजय राय के समर्थक भिड़े; चले जूते-चप्पल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में रविवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना पदभार ग्रहण करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थीं।

UP Congress Clash: लखनऊ में कांग्रेस दफ्तर में जमकर बवाल, आराधना मिश्रा और अजय राय के समर्थक भिड़े; चले जूते-चप्पल
X

Lucknow Congress Office Clash: लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में रविवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना पदभार ग्रहण करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थीं। इसी दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और आराधना मिश्रा के समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने झड़प का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जूते-चप्पल चलने लगे। घटना के बाद पार्टी कार्यालय में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।


नारेबाजी के बीच शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आराधना मिश्रा मोना की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की आवाजाही जारी थी। इसी बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे। बताया जा रहा है कि अजय राय के समर्थन में नारेबाजी के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई। घटना के दौरान गाली-गलौज और जूते-चप्पल चलने की भी जानकारी सामने आई है।


विवाद के बाद धरने पर बैठे अजय राय

हंगामे के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पार्टी कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने आराधना मिश्रा के समर्थक ममता चौधरी पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया। इस घटना से अजय राय और उनके समर्थकों में नाराजगी देखी गई। बाद में अजय राय कार्यालय से बाहर निकल आए, लेकिन मौके पर मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद सहित अन्य नेताओं ने उन्हें समझाया और वापस अंदर ले गए।


हंगामे के बीच आराधना मिश्रा ने संभाला पदभार

पार्टी कार्यालय में विवाद के बावजूद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने अपना कार्यभार संभाल लिया। वहीं, इमरान मसूद ने कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी ग्रहण की। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान हुए इस विवाद ने पार्टी कार्यालय की अंदरूनी खींचतान को चर्चा में ला दिया है।


INDIA गठबंधन पर आराधना मिश्रा ने क्या कहा?

कार्यभार संभालने के बाद आराधना मिश्रा ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन राष्ट्रीय स्तर पर बना है और उत्तर प्रदेश में आगे की रणनीति पर फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। फिलहाल लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में हुए इस हंगामे के बाद पार्टी के भीतर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तनाव चर्चा का विषय बना हुआ है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019