UP Accident : तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, दो साल के मासूम समेत 3 की मौत, एक घायल
लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र में शिवाला तिराहे के पास हुआ हादसा, डंपर की चपेट में आने से मां और दो साल के मासूम समेत तीन की मौत, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, चालक फरार।

UP Accident : लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो साल के मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा नीमगांव थाना क्षेत्र के लखीमपुर-महाकालगंज मार्ग पर शिवाला तिराहे के पास हुआ। मोरंग से लदा डंपर कस्ता की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे बाइक के पास खड़े एक परिवार के चार लोग उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहिनी (24), उनके दो वर्षीय बेटे अभ्यांश और खुशबू (20) के रूप में हुई है। वहीं, अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।


