Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP Accident : राखी बांधकर घर लौट रहा परिवार नदी में गिरा, मां-बेटे की मौत, 20 घंटे बाद बच्चे का शव बरामद

मुरादाबाद में लकड़ी के अस्थायी पुल की तीन लकड़ियां टूटने से बाइक सवार परिवार गागन नदी में गिरा, ग्रामीणों ने तीन लोगों को बचाया; मां और तीन वर्षीय बेटे की जान गई।

UP Accident : राखी बांधकर घर लौट रहा परिवार नदी में गिरा, मां-बेटे की मौत, 20 घंटे बाद बच्चे का शव बरामद
X

UP Accident : मुरादाबाद। रक्षाबंधन के दिन मायके से लौट रहा एक परिवार दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के मलकपुर स्थित चट्ठा में लकड़ी के अस्थायी पुल की लकड़ियां टूटने से बाइक सवार परिवार के पांच लोग गागन नदी में जा गिरे। हादसे में महिला और उसके तीन वर्षीय बेटे की मौत हो गई। बच्चे का शव करीब 20 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद किया गया।

जानकारी के मुताबिक, छजलैट के महमूदपुर निवासी अनिल जाटव (45) रक्षाबंधन पर पत्नी किरन (42), बेटों केशव (7), प्रियांशु (3) और बेटी काफिया (5) के साथ कुंदरकी के नानपुर गांव स्थित ससुराल गए थे। राखी बंधवाने के बाद पूरा परिवार बाइक से वापस घर लौट रहा था।

शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे परिवार मलकपुर स्थित लकड़ी के चट्ठा पुल पर पहुंचा। इसी दौरान पुल की तीन लकड़ियां अचानक टूट गईं। बाइक का संतुलन बिगड़ा और परिवार समेत नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने तीन लोगों को बचाया

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे और नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। तेज बहाव के बावजूद ग्रामीणों ने अनिल, उनके सात वर्षीय बेटे केशव और पांच वर्षीय बेटी काफिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं किरन और उनका तीन वर्षीय बेटा प्रियांशु नदी के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई गई।

अंधेरे में चला सर्च ऑपरेशन

रात में अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गोताखोरों ने टॉर्च की रोशनी में नदी में तलाश जारी रखी। करीब दो घंटे बाद किरन का शव बरामद कर लिया गया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं प्रियांशु की तलाश रातभर जारी रही। शनिवार सुबह पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से दोबारा अभियान शुरू किया। करीब 20 घंटे बाद बच्चे का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019