Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP Accident : तिलक समारोह से लौट रहे परिवार की ईको वैन ट्रेलर से टकराई, 7 की मौत

तिलक समारोह से घर लौटते समय हुआ हादसा, एक ही परिवार के पिता-पुत्र समेत सात लोगों ने गंवाई जान, एक युवक गंभीर घायल

UP Accident : तिलक समारोह से लौट रहे परिवार की ईको वैन ट्रेलर से टकराई, 7 की मौत
X

UP Accident : कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। हाटा कोतवाली क्षेत्र में ईको वैन और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के पिता-पुत्र समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा रात करीब 11:30 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 46 किलोमीटर दूर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी आठ लोग अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचने लगे।

जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलूही गांव के आठ लोग एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने देवराज पिपरा गए थे। समारोह समाप्त होने के बाद सभी ईको वैन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वैन बुरी तरह पिचक जाने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद गैस कटर की मदद से गाड़ी के गेट काटे गए और सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में रामबिलास (65), उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद (40), छोटे बेटे राम मिलन (35), पोते आयुष (12), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथलेश गुप्ता (22) की मौत हो गई। मृतक कन्हैया प्रसाद भलूही ग्राम पंचायत के प्रधान थे, जबकि रंजय गुप्ता सेना में जवान थे। वहीं, 17 वर्षीय आर्यन गंभीर रूप से घायल है और जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019