UP Accident : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर, इटावा के DFO और चालक की मौत, 6 घायल
डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंची तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, XUV-700 से आमने-सामने टक्कर के बाद छह लोग घायल.

UP Accident : फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सिरसागंज थाना क्षेत्र के नगला खंगर इलाके में दो SUV की आमने-सामने टक्कर में इटावा के जिला वन अधिकारी (DFO) विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सैफई PGI भेजा गया।
डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंची SUV
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे माइलस्टोन 68.800 के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-N के चालक को नींद की झपकी आने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। SUV डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही XUV-700 से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इलाज के दौरान DFO और चालक ने तोड़ा दम
हादसे के वक्त XUV-700 में DFO विकास नायक, उनके चालक देवांश समेत तीन लोग सवार थे। दूसरी SUV में कोलकाता निवासी चालक, उनकी 65 वर्षीय पत्नी समेत अन्य लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम, PRB 5618 और नगला खंगर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से निकालकर एंबुलेंस से सैफई PGI पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान DFO और उनके चालक की मौत हो गई।
कुछ देर प्रभावित रहा एक्सप्रेसवे का यातायात
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर पुलिस चौकी पहुंचाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


