Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Kaushambi Firecracker Factory Blast: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 11 लोगों की मौत; कई घायल, रेस्क्यू जारी, मुआवजे का ऐलान

पिपरी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में मनौरी बाजार के पास स्थित पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाके हुए। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है

Kaushambi Firecracker Factory Blast: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 11 लोगों की मौत; कई घायल, रेस्क्यू जारी, मुआवजे का ऐलान
X

Kaushambi Firecracker Factory Blast: कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। पिपरी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में मनौरी बाजार के पास स्थित पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाके हुए। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

दोपहर करीब 12 बजे हुआ जोरदार विस्फोट

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पटाखों के निर्माण या भंडारण के दौरान अचानक आग लग गई। इसके बाद लगातार तेज धमाके होने लगे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय फैक्ट्री में कई मजदूर मौजूद थे। धमाके के बाद कुछ लोग मलबे में फंस गए, जबकि कई मजदूर झुलस गए। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में पुलिस और प्रशासन की मदद की।

आसपास के कई मकान भी हुए क्षतिग्रस्त

विस्फोट का असर फैक्ट्री के आसपास के इलाकों में भी देखने को मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 50 मीटर के दायरे में पांच से सात मकानों को नुकसान पहुंचा है। कुछ मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई घरों में दरारें आने की सूचना है। धमाके के बाद घटनास्थल पर धुएं और मलबे का गुबार छा गया। राहत टीमों ने इलाके को घेरकर मलबा हटाने का काम शुरू किया, ताकि अंदर फंसे लोगों का पता लगाया जा सके।

NDRF-SDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं

हादसे की सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। मलबे को हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज भेजे जाने की तैयारी की गई है। हादसे को देखते हुए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल को भी अलर्ट किया गया है।

फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की होगी जांच

प्रशासन और पुलिस अब हादसे की वजह की जांच में जुट गए हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में पटाखों का निर्माण और भंडारण किन परिस्थितियों में किया जा रहा था और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद हादसे में हुए नुकसान और जिम्मेदारी की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

CM योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019