AI मंथन 2.0 में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने देखे AI स्टार्टअप्स, युवाओं के इनोवेशन की सराहना की
राज्यपाल ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन

कानपुर: कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय AI मंथन 2.0 में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां प्रदेश के अलग-अलग संस्थानों के छात्रों और युवा इनोवेटर्स ने AI आधारित मॉडल और स्टार्टअप प्रस्तुत किए।
स्वास्थ्य से सुरक्षा तक AI का इस्तेमाल
राज्यपाल ने विभिन्न स्टॉल पर पहुंचकर युवाओं से उनके प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली समझी। उन्होंने स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल पर आधारित मॉडल देखे और युवाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्रों को अपने आइडिया को आगे बढ़ाकर व्यावसायिक रूप देने के लिए प्रेरित किया।
प्रदेशभर के संस्थानों ने लिया हिस्सा
AI मंथन 2.0 में प्रदेश के कई प्रतिष्ठित शिक्षण और शोध संस्थानों ने भाग लिया। प्रदर्शनी का उद्देश्य AI और डीप-टेक इकोसिस्टम को बढ़ावा देना और छात्रों के इनोवेशन को निवेशकों व उद्योग जगत से जोड़ना रहा।
युवाओं को मिला बड़ा मंच
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि AI मंथन 2.0 के जरिए छात्रों और युवा इनोवेटर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला है। इससे नए विचारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ प्रदेश में AI आधारित स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा।


