Currency Chest Fake Note Case : सहारनपुर में 17 करोड़ के जाली नोट मिलने से मचा हड़कंप, FIR के बाद 4 बैंक कर्मचारियों के फोन बंद
जांच एजेंसियों ने बैंक शाखा के कर्मचारियों से साधा संपर्क, चारों के मोबाइल बंद; घरों पर ताले, संभावित ठिकानों की तलाश तेज

Currency Chest Fake Note Case : सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट से 17 करोड़ 29 लाख रुपये की नकली करेंसी मिलने के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। अब जांच का फोकस करेंसी चेस्ट से सटी बैंक शाखा में तैनात चार कर्मचारियों पर भी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से इन कर्मचारियों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं और उनके घरों पर ताले लगे होने की जानकारी सामने आई है।
चारों कर्मचारियों के अचानक संपर्क से बाहर होने के बाद जांच टीम उनके संभावित ठिकानों और परिचितों से जानकारी जुटा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने इन कर्मचारियों की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं दिया है।
जांच में सामने आया है कि संबंधित कर्मचारी बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों और करेंसी चेस्ट प्रबंधन से संपर्क में रहे हैं। ऐसे में एजेंसियां उनकी जिम्मेदारियों और करेंसी चेस्ट से उनके आधिकारिक संपर्क की पड़ताल कर रही हैं। रिश्तेदारों और परिचितों से भी कर्मचारियों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की जा रही है।
मामले की जांच में बैंक में नकदी के आने-जाने, नोटों की गिनती और सत्यापन की प्रक्रिया को भी खंगाला जा रहा है। बैंकिंग रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि करेंसी चेस्ट से जुड़े कामकाज में कौन-कौन से कर्मचारी किस स्तर पर शामिल थे।
इसके अलावा बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है। पुलिस का प्रयास है कि नकली नोटों की इतनी बड़ी खेप करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंची और इसमें किन लोगों की भूमिका रही, इसकी पूरी कड़ी सामने लाई जा सके।


