बुलंदशहर में भाजपा विधायक अनिल शर्मा का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस
राजनीति में सक्रिय रहने के साथ वह अपने क्षेत्र में भी काफी लोकप्रिय थे।

बुलंदशहर: बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कैंसर से पीड़ित अनिल शर्मा का दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
योगी सरकार में रह चुके थे मंत्री
अनिल शर्मा उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री रह चुके थे। राजनीति में सक्रिय रहने के साथ वह अपने क्षेत्र में भी काफी लोकप्रिय थे।
2002 में पहली बार बने विधायक
बुलंदशहर के गांव सुरजावली निवासी अनिल शर्मा ने कम उम्र में ही निर्विरोध ग्राम प्रधान का चुनाव जीता था। इसके बाद 2002 में उन्होंने खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और पहली बार विधायक बने। 2007 में वह इसी सीट से दोबारा विधायक चुने गए।
भाजपा में शामिल होकर जीते चुनाव
2012 में शिकारपुर सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव हारने के बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। 2017 में भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे और योगी सरकार में राज्यमंत्री बने। 2022 में भी उन्होंने शिकारपुर सीट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की।


