Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Bhadohi Name Change: भदोही का नाम बदलकर अब होगा ‘संत रविदास नगर’, CM योगी ने किया बड़ा ऐलान

इंडिया कारपेट एक्सपो में सीएम योगी की घोषणा, 1,340 करोड़ की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात

Bhadohi Name Change: भदोही का नाम बदलकर अब होगा ‘संत रविदास नगर’, CM योगी ने किया बड़ा ऐलान
X

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बड़ा ऐलान किया। भदोही में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अब जिले को ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से जाना जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 112 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

भदोही-मिर्जापुर-वाराणसी को सिल्क क्लस्टर बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संत रविदास नगर यानी भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी को सिल्क क्लस्टर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही वाराणसी-विंध्य रीजनल डेवलपमेंट प्लान को जल्द लागू करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण के दौरान कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, कारोबारियों और उद्यमियों से संवाद करते हुए कीं।

कालीन उद्योग के लिए अलग नीति की मांग

कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने कालीन कारोबार से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव मुख्यमंत्री के सामने रखे। कारोबारियों ने हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के लिए अलग नीति बनाने, व्यापार को बेहतर सुविधाएं देने और उद्योग से जुड़े लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। उद्यमियों का कहना था कि हस्तनिर्मित कालीन के उत्पादन में अधिक समय और मेहनत लगती है, इसलिए इसकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग व्यवस्था होनी चाहिए।

बुनकरों की विरासत को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी ने हस्तनिर्मित कालीन उद्योग से जुड़े बुनकरों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बुनकरों ने अपने पूर्वजों से मिली कला और परंपरा को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि हस्तनिर्मित कालीन उद्योग से जुड़े सुझावों पर सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।

महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने की मांग

संवाद के दौरान महिला उद्यमियों और कामगारों की भागीदारी बढ़ाने का मुद्दा भी उठा। उद्यमियों ने कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल यानी सीईपीसी में महिलाओं की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करने और उनके लिए विशेष प्रावधान किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कालीन उद्योग में बड़ी संख्या में महिलाएं काम करती हैं और महिला उद्यमियों को भी निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

सीईपीसी में महिलाओं को स्थान देने की बात

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने सीईपीसी से महिला उद्यमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनके लिए स्थान आरक्षित करने की दिशा में आवश्यक बदलाव करने की बात कही।

उद्यमियों के सुझावों पर कार्रवाई का भरोसा

इंडिया कारपेट एक्सपो के दौरान मुख्यमंत्री ने कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों की समस्याएं सुनीं। कारोबारियों ने कनेक्टिविटी, उद्योग नीति और रोजगार से जुड़े मुद्दे भी सामने रखे। सीएम योगी ने संबंधित सुझावों पर सरकार की ओर से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया और भदोही समेत पूरे क्षेत्र को उद्योग और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019