यूपीएससी प्रीलिम्स 24 मई को, फेस ऑथेंटिकेशन के बाद ही मिलेगा प्रवेश, रायपुर के 22 केंद्रों में 8449 अभ्यर्थी होंगे शामिल
UPSC Prelims Examination: रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा 24 मई, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में पर्यवेक्षकों और केंद्राध्यक्षों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान आईएएस महादेव कावरे, आईएएस रितेश अग्रवाल एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह मौजूद रहे।
UPSC Prelims Examination: पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन से एंट्री
बैठक में बताया गया कि इस बार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में फेस ऑथेंटिकेशन के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में कुल 8449 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। ऑब्जर्वर महादेव कावरे ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की। पहली पाली में सुबह 9 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
UPSC Prelims Examination: हर केंद्र में रहेगी पुलिस और फ्रिस्किंग व्यवस्था
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र में कम से कम पांच पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की अपील की।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि परीक्षा में केवल काले रंग की बॉल पॉइंट पेन का उपयोग मान्य होगा। जेल पेन या अन्य रंग की पेन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
UPSC Prelims Examination: मोबाइल और स्मार्ट गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित
प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों को ई-एडमिट कार्ड और वही फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसकी जानकारी आवेदन पत्र में दी गई है। मोबाइल में एडमिट कार्ड की फोटो दिखाने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, डिजिटल वॉच, आईटी गैजेट्स, बैग और पर्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
UPSC Prelims Examination: जैमर और दो निरीक्षकों की रहेगी व्यवस्था
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों में जैमर लगाए जाएं और प्रत्येक कक्ष में दो निरीक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा संबंधी घोषणाएं लगातार पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से अभ्यर्थियों एवं उनके पालकों तक पहुंचाई जाएं।
बैठक में अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर उपेंद्र किण्डो, जिला रोजगार अधिकारी केदार पटेल सहित UPSC नई दिल्ली से आए अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


