Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP News : SIR ड्राफ्ट लिस्ट पर सख्त योगी सरकार, CM योगी का आदेश-एक भी पात्र मतदाता न छूटे, मंत्री खुद करें जांच

Asian News
UP News
X

UP News : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के बाद जारी हुई ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा द्वारा जारी ड्राफ्ट सूची में प्रदेश में 12 करोड़ 55 लाख से अधिक मतदाता दर्ज किए गए हैं, लेकिन बड़ी संख्या में वोट कटने के आंकड़ों ने सरकार को सतर्क कर दिया है। सीएम योगी ने मंत्रिमंडल को साफ निर्देश दिए हैं कि वे खुद मैदान में उतरकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।

UP News : मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार जिलों की ड्राफ्ट मतदाता सूची हासिल कर विधानसभा वार गहन पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं। जिन योग्य नागरिकों के नाम सूची में नहीं हैं, उनके फॉर्म तत्काल भरवाकर नाम जुड़वाने को कहा गया है। सीएम योगी ने दो टूक कहा कि “सूची में कितने अपात्र हैं, इसकी जांच जरूरी है, लेकिन उससे ज्यादा जरूरी यह है कि कोई पात्र व्यक्ति वोट के अधिकार से वंचित न हो।” उन्होंने इसे भविष्य के चुनावों की बुनियाद बताते हुए कहा कि अभी की गई मेहनत आगे चुनावी राह आसान करेगी।

UP News : इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को ‘जी रामजी योजना’ के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी सौंपी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का तथ्यात्मक खंडन किया जाए और योजना की खूबियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। साथ ही सिपाही भर्ती को लेकर लिए गए फैसलों को भी जनता के सामने रखने के निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपना और अपने परिवार का नाम ड्राफ्ट सूची में जरूर जांच लें, ताकि कोई योग्य मतदाता छूटने न पाए।

UP News : गौरतलब है कि SIR के बाद यूपी के सभी 75 जिलों में बड़ी संख्या में वोट कटने के आंकड़े सामने आए हैं। लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर नगर, प्रयागराज, मेरठ, बलरामपुर और कई अन्य जिलों में 20 से 30 प्रतिशत तक वोट कटे हैं। यही वजह है कि सरकार अब इस प्रक्रिया पर पैनी नजर रखे हुए है और इसे पारदर्शी व न्यायसंगत बनाने के लिए मंत्रियों को सीधी जिम्मेदारी सौंपी गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019