UP News
UP News : लखनऊ/गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए राज्य में एक बड़ा ऐलान किया है। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम, हर जिले में बड़ा स्टेडियम और हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जाएगा। सरकार इसकी तैयारी में जुटी हुई है।
सीएम योगी यह जानकारी गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में विधायक खेल स्पर्धा 2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में साझा कर रहे थे। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार लगातार स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रही है। गोरखपुर में बेलीपार के पास इंटरनेशनल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, वहीं रीजनल स्टेडियम का नवीनीकरण 63 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है। इसके अतिरिक्त वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में भी आधुनिक स्टेडियम का निर्माण जारी है।
सीएम योगी ने हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की तैयारी का भी ऐलान किया। उन्होंने संस्थाओं से एक-एक खेल गोद लेने का आह्वान किया ताकि अच्छे कोच की व्यवस्था और बच्चों के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अगली बार कामकाजी और रिटायर्ड लोगों के लिए भी वार्ड, उपनगरीय और नगर स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों और छात्रों की प्रतियोगिताओं को बालक-बालिका वर्ग में तीन स्तर: बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी जनवरी के प्रथम सप्ताह में गोरखपुर महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
सीएम योगी ने खेलकूद के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “युवा खेलेगा तो देश खिलेगा। स्वस्थ शरीर और सक्रिय जीवन ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने पिछले 11 वर्षों में खेलकूद के क्षेत्र में हुए परिवर्तनों का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत आज कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स में विश्व मंच पर अपनी पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के उत्साह की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि इस विधायक खेल स्पर्धा में प्रत्यक्ष रूप से 1000 और अप्रत्यक्ष रूप से 10,000 खिलाड़ी भाग ले चुके हैं। एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल, जूडो और कुश्ती जैसे खेलों ने खिलाड़ियों और दर्शकों में जोश और उत्साह पैदा किया है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


