Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP News : मथुरा में मिट्टी का टीला धंसने से बड़ा हादसा, सात मकान गिरे, तीन की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

UP News
X

UP News

UP News : मथुरा: शहर के गोविंद नगर क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। शाहगंज फाटक के पास दोपहर करीब 12:15 बजे एक कच्ची सड़क किनारे स्थित मिट्टी का टीला अचानक धंस गया। इस टीले पर बने सात मकान देखते ही देखते भरभरा कर गिर पड़े। हादसे में दो मासूम सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

UP News : राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। राहत और बचाव के लिए मौके पर 6 जेसीबी मशीनें और दर्जनों कर्मचारी लगाए गए हैं। साथ ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी बुला ली गई हैं।

UP News : मासूम बहनों की दर्दनाक मौत

हादसे में 6 वर्षीय यशोदा और 3 वर्षीय काव्या की मौत हो गई है। दोनों बच्चियां वृंदावन के गौतमपाड़ा निवासी मोहनलाल की बेटियां थीं और छुट्टियों में अपने ननिहाल आई थीं। इनके अलावा एक और व्यक्ति की जान जाने की पुष्टि हुई है। एक महिला और एक बच्चा मलबे से जीवित निकाले गए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

UP News : हादसे की पृष्ठभूमि

स्थानीय लोगों के मुताबिक शाहगंज दरवाजा क्षेत्र में कई मिट्टी के टीले हैं जिन पर दो मंजिला तक के मकान बने हैं। बरसात के मौसम में अक्सर इन टीलों की मिट्टी खिसकने की घटनाएं होती हैं। इसी खतरे को देखते हुए पिछले कुछ दिनों से इन टीलों के चारों ओर दीवारें बनाई जा रही थीं ताकि मिट्टी न खिसके। निर्माण कार्य जारी था, तभी यह हादसा हो गया।

UP News : स्थानीय प्रशासन सतर्क

प्रशासन ने आसपास के घरों को खाली करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इलाके में संवेदनशील मकानों की सूची बनाई जा रही है और खतरे की संभावना वाले क्षेत्रों की जांच की जा रही है। डीएम ने घटना की जांच के आदेश भी दे दिए हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019