UP News: गोंडा में अवैध चमड़ा फैक्ट्री का भंडाफोड़....
गोंडा। UP News: जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र के लालेमऊ गांव में प्लास्टिक फैक्ट्री की आड़ में अवैध रूप से मृत पशुओं के व्यापार और चमड़ा फैक्ट्री चलाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस फैक्ट्री के खिलाफ संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का विरोध
ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध फैक्ट्री की वजह से पूरे इलाके में भयंकर दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। सांस लेना भी दूभर हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री मालिक ने इसे प्लास्टिक और चप्पल निर्माण फैक्ट्री बताकर खोला था, लेकिन बाद में वहां मृत जानवरों के अवशेष मिलने लगे।
UP News: फैक्ट्री के अंदर मिला डरावना नजारा
ग्रामीणों ने जब अंदर जाकर देखा तो वहां बड़े पैमाने पर मृत जानवरों के अवशेष बिखरे हुए थे, जिसे देखकर लोग दंग रह गए। इस खुलासे के बाद ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया और अवैध रूप से चल रही चमड़ा फैक्ट्री को तत्काल बंद करने की मांग की।
अधिकारियों को नहीं थी जानकारी
विरोध के दौरान जब करनैलगंज के उपजिलाधिकारी भरत भार्गव से इस मामले में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस फैक्ट्री के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध कारोबार को जल्द से जल्द बंद किया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
UP News: ग्रामीणों की मांग – तुरंत हो कार्रवाई
इस मामले के उजागर होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से फैक्ट्री को सील करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कदम उठाता है।

