Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP News : पत्नी की बेवफाई से आहत युवक ने 4 बच्चों संग यमुना में लगाई छलांग, बाप-बेटी के शव 48 घंटे बाद बरामद

UP News
X

UP News : शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। पत्नी के कथित प्रेमी के साथ फरार होने से आहत सलमान ने अपने चार बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी थी। 48 घंटे की तलाश के बाद रविवार को बागपत जिले के टांडा के पास सलमान और उनकी 11 वर्षीय बेटी महक के शव बरामद किए गए। हालांकि, तीन अन्य बच्चों शिफा (5 वर्ष), अयान (3 वर्ष) और आठ माह की इनायशा की तलाश अभी भी जारी है।

UP News : घटना के अनुसार, सलमान, जो मूल रूप से मोहल्ला अफगानान और हाल में मोहल्ला खैलकलां का निवासी था, का गुरुवार को अपनी पत्नी खुशनुमा से तीखा विवाद हुआ था। खुशनुमा अपने कथित प्रेमी साबिर, जो मुजफ्फरनगर के गांव जौला का निवासी है, के साथ चली गई थी। इस बेवफाई से टूट चुके सलमान ने शुक्रवार को अपने चार बच्चोंकृमहक, शिफा, अयान और इनायशा को लेकर हरियाणा की ओर जाने वाले यमुना पुल के पास पहुंचा। वहां, उसने बच्चों को एक दुकान पर समोसे खिलाए और फिर तीन वीडियो बनाकर अपनी बहन गुलिस्ता को भेजे।

UP News : इन वीडियोज में सलमान ने पत्नी और उसके प्रेमी को अपनी और बच्चों की मौत का जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद, उसने चारों बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी। शनिवार को परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली, जब उन्होंने यमुना पुल के पास एक ढाबे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में सलमान और उसके चार बच्चे यमुना पुल की ओर जाते दिखे। इसके अतिरिक्त, पुल के नीचे झोपड़ी में रहने वाले बाबा शिवगिरी और एक बालक ने भी सलमान और बच्चों को नदी में कूदते देखने की पुष्टि की।

UP News : इस सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन ने तत्काल प्राइवेट गोताखोरों और पीएसी की फ्लड यूनिट को सर्च अभियान में लगाया। रविवार सुबह 7 बजे से शुरू हुए सर्च अभियान में गोताखोरों साजिद, मुस्तकीम उर्फ बिल्लू और दिलशाद ने मोटरबोट के साथ तलाश शुरू की। सुबह 11 बजे के करीब कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर टील के पास सलमान की बेटी महक का शव बरामद हुआ। दोपहर 1 बजे के आसपास बागपत जिले के टांडा के निकट सलमान का शव भी निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। अभी भी सलमान के तीन बच्चों शिफा, अयान और इनायशा की तलाश में गोताखोर और पीएसी जवान दिन-रात जुटे हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019