UP News
UP News : लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धा और सम्मान के भावों से भरे इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बापू को नमन किया और कुछ क्षण मौन रहकर उनका स्मरण किया।
UP News : इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर भी बापू को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए आमजन से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने लिखा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। श्रद्धेय बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की अडिग साधना और मानवता के प्रति करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेगी। आइए, उनके आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।”
UP News : श्रद्धांजलि समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजनों की मधुर धुनों से जीपीओ पार्क गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग 15 मिनट तक बच्चों की प्रस्तुति को ध्यानपूर्वक सुनते रहे और उनकी सराहना की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ गांधी प्रतिमा के समक्ष फोटो भी खिंचवाई।
UP News : कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रपिता के चित्र और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


