Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP News : सीएम योगी ने 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को सौंपा नियुक्ति पत्र, बोले- नर्सिंग सेवा और संवेदना का पवित्र पेशा, मरीजों के साथ जुड़ने से मिलते हैं सकारात्मक परिणाम

Asian News
UP News
X

UP News

UP News : लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोकभवन के सभागार में चयनित 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नर्सिंग सेवा और संवेदना का एक पवित्र पेशा है। जब आपकी सेवा और संवेदनशीलता मरीजों के साथ जुड़ती है, तो उसके सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। ‘वासंतिक नवरात्रि’ के पावन अवसर पर बेटियों को प्राप्त यह नियुक्ति-पत्र नारी शक्ति के स्वावलंबन का एक आदर्श उदाहरण है।

UP News : स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटलीकरण और विस्तार

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार आने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी गई। आज यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज के अंतर्गत लगभग 9.25 करोड़ लाभार्थी जुड़ चुके हैं। डिजिटल हेल्थ आईडी (आभा आईडी) के रूप में 14 करोड़ 28 लाख से अधिक कार्ड जारी किए जा चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 976 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेलीमेडिसिन और टेली-कंसल्टेशन की सुविधा शुरू की गई है। साथ ही रियल टाइम डिजीज ट्रैकिंग की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे बीमारियों की निगरानी और नियंत्रण आसान हुआ है।

UP News : मेडिकल शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आया है। “एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज” की अवधारणा को आगे बढ़ाया जा रहा है। गोरखपुर और रायबरेली में एम्स सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं। महाराजगंज, संभल और शामली जैसे जिलों में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज सफलतापूर्वक चल रहे हैं। नर्सिंग की सीटों में 7,000 और पैरामेडिकल की सीटों में 2,000 की वृद्धि की गई है। एमबीबीएस (यूजी) सीटें 5,390 से बढ़कर 12,700 हो गई हैं, जबकि पीजी सीटें 1,221 से बढ़कर 5,056 हो गई हैं।

UP News : नारी सशक्तिकरण: महिलाओं की बढ़ती भागीदारी

इस बार चयनित 1,228 नर्सिंग अधिकारियों में 1,097 महिलाएं और 131 पुरुष शामिल हैं। नवरात्रि के इस अवसर पर महिलाओं की अधिक संख्या में चयन होना सुखद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने से उनकी संख्या बढ़कर 44,000 से अधिक हो गई है, जबकि 2017 में यह संख्या मात्र 10,000 थी। महिलाओं की बढ़ी हुई भागीदारी से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।

सीएम योगी ने सभी नर्सिंग अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सेवा भावना से कार्य करेंगे और प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019