Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UP News : यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े बीएससी छात्र की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार ने सीने में उतारीं 8 गोलियां, छात्रों ने किया प्रदर्शन और तोड़फोड़

UP News
X

UP News

UP News : वाराणसी। वाराणसी के प्रसिद्ध यूपी कॉलेज में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बीएससी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे कैंपस में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सूर्य कुमार सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई, जो गाजीपुर का निवासी था और बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था। हमलावर ने बाइक से आकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गया।

UP News : बाइक सवार ने चलाईं 8 गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर का नाम मंजीत बताया जा रहा है, जो उसी कॉलेज का छात्र है। घटना कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के परिसर में हुई। आरोपी ने सूर्य कुमार पर करीब 8 गोलियां चलाईं चार सीने में और चार कनपटी पर। फायरिंग के दौरान दो हवाई फायर भी किए गए, जिससे कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने जाते समय पिस्टल और खाली कारतूस वहीं फेंक दिए।

UP News : मामूली विवाद बना हत्या का कारण

छात्रों के मुताबिक, सूर्य कुमार सिंह कॉलेज हॉस्टल में रहता था। आरोपी मंजीत से उसका किसी मामूली बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी छोटे-मोटे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छात्रों का आरोप है कि मंजीत ने प्रिंसिपल के सामने ही फायरिंग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

UP News : गुस्साए छात्रों ने किया प्रदर्शन, तोड़फोड़ और गेट बंद

हत्या के बाद छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर तोड़फोड़ भी की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस ने छात्रों को शांत कराने की कोशिश की और उन्हें आश्वासन दिया कि दोषी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

UP News : कॉलेज प्रशासन और पुलिस पर सवाल

इस घटना ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का कहना है कि कैंपस में हथियार लेकर घूमना और फायरिंग जैसी घटना होना चिंताजनक है। पुलिस ने बताया कि मामला हत्या का दर्ज किया गया है और जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019