हनी सिंह की जिंदगी पर डॉक्यूमेंट्री ‘यो यो हनी सिंह: फेमस’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

फेमस रैपर हनी सिंह की जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए हैं। कभी अपनी सेहत के कारण करियर में लंबा ब्रेक लिया, तो कभी अपने गानों को लेकर विवादों में रहे। अब हनी सिंह अपनी जिंदगी के बारे में सब कुछ बताने जा रहे हैं। नेटफ्लिक्स ने उनकी जिंदगी पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई है, जिसका नाम ‘यो यो हनी सिंह: फेमस’ रखा गया है। इस डॉक्यूमेंट्री का ट्रेलर हाल ही में नेटफ्लिक्स के इंस्टाग्राम पेज पर रिलीज किया गया है।
क्या दिखाएगी डॉक्यूमेंट्री?
‘यो यो हनी सिंह: फेमस’ डॉक्यूमेंट्री में हनी सिंह का शुरुआती करियर, उनकी सफलता, और जीवन के उतार-चढ़ाव की कहानी दिखाई जाएगी। ट्रेलर की शुरुआत हनी सिंह के स्टारडम से होती है, जहां उनके फैंस 'हनी सिंह, हनी सिंह' का नारा लगाते हैं। इसके अलावा, ये डॉक्यूमेंट्री यह भी दिखाती है कि कैसे हनी सिंह ने पंजाबी म्यूजिक को भारत में लोकप्रिय बना दिया, और कैसे सफलता के बाद उनके जीवन में गहरे उतार आए। डॉक्यूमेंट्री में हनी सिंह के बचपन से लेकर उनके डार्क सीक्रेट्स भी रिवील होंगे।
हनी सिंह ने खुद किया ट्रेलर शेयर
हनी सिंह ने भी इस ट्रेलर को अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "यो यो हनी सिंह. एक ऐसा नाम जो इंडस्ट्री में गूंजता है, लेकिन कहानी क्या है? देखें ‘यो यो हनी सिंह: फेमस’, आ रहा है 20 दिसंबर नेटफ्लिक्स पर।"
डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन और प्रोडक्शन
इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन मोजेज सिंह ने किया है, जबकि इसके प्रोड्यूसर सिख्या एंटरटेनमेंट हैं, जो ऑस्कर विनर गुनीत मोंगा की कंपनी है। डॉक्यूमेंट्री में हनी सिंह के परिवार के सदस्य और कुछ ऐसे लोग भी नजर आएंगे, जिनसे हनी सिंह के बारे में आपको नई जानकारी मिलेगी।
डॉक्यूमेंट्री की रिलीज डेट
यह डॉक्यूमेंट्री 20 दिसंबर, 2024 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इस दिन से आप हनी सिंह की जीवन यात्रा और उनकी सफलता-निराशा की पूरी कहानी देख सकते हैं।


