Lava Aura Curve 5G लॉन्च: 50MP कैमरा और 6,000mAh बैटरी, कर्व्ड डिस्प्ले के साथ मिलेंगे ये फीचर्स, इतनी है प्राइस
पीछे भी मिलेगी छोटी स्क्रीन

टेक डेस्क: भारतीय स्मार्टफोन कंपनी लावा ने बाजार में नया Lava Aura Curve 5G लॉन्च किया है। फोन में 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले, पीछे की तरफ मिनी स्क्रीन, 50 मेगापिक्सल कैमरा और 6,000mAh की बैटरी दी गई है। कंपनी ने इसे खास तौर पर ऑफलाइन बाजार के ग्राहकों के लिए पेश किया है।
120Hz रिफ्रेश रेट वाली कर्व्ड स्क्रीन
Lava Aura Curve 5G में 6.67 इंच का फुल HD+ 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले मिलता है। यह 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,100 निट्स की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है। फोन के पिछले हिस्से में एक छोटी स्क्रीन भी दी गई है, जिस पर नोटिफिकेशन, बैटरी स्टेटस और कस्टम मैसेज देखे जा सकते हैं। इससे म्यूजिक भी कंट्रोल किया जा सकता है।
50MP कैमरा और MediaTek प्रोसेसर
फोन में MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 6GB रैम और 128GB स्टोरेज मिलती है। वर्चुअल रैम फीचर की मदद से रैम को 12GB तक बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी के लिए इसमें Sony IMX752 सेंसर वाला 50MP का रियर कैमरा और सेल्फी के लिए 13MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
6,000mAh बैटरी, Android 16 भी
फोन में 6,000mAh की बैटरी है, जो 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। हालांकि, बॉक्स में 33W का चार्जर दिया जाता है। यह स्मार्टफोन Android 16 पर चलता है। कंपनी ने दो साल के OS अपग्रेड और तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।
IP64 रेटिंग और दो कलर ऑप्शन
फोन को धूल और पानी की छींटों से बचाव के लिए IP64 रेटिंग मिली है। इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और IR ब्लास्टर भी दिया गया है। कंपनी पूरे भारत में घर पर मुफ्त सर्विस की सुविधा देने का दावा करती है।
कीमत और उपलब्धता
Lava Aura Curve 5G का 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट 23,999 रुपए में उपलब्ध है। इसे अंबर ब्लू और हिम सिल्वर कलर में खरीदा जा सकता है। फोन देशभर के प्रमुख ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध है।


