मोबाइल के अनलिमिटेड 5G डेटा से चला सकते हैं घर का Wi-Fi? जानिए इसके फायदे और नुकसान
Mobile-Wifi

टेक डेस्क: मोबाइल और घर के ब्रॉडबैंड Wi-Fi के लिए अलग-अलग रिचार्ज कराने से बचना चाहते हैं, तो फोन के अनलिमिटेड 5G डेटा से घर का इंटरनेट चलाया जा सकता है। इसके लिए मोबाइल का हॉटस्पॉट ऑन करना होगा। हालांकि, यह तरीका सस्ता जरूर लग सकता है, लेकिन इसमें कई सीमाएं हैं। खासकर ज्यादा डिवाइस चलाने, गेमिंग और बड़ी फाइल डाउनलोड करने पर परेशानी हो सकती है।
फोन को राउटर बनाने में क्या हैं दिक्कतें?
स्मार्टफोन को लगातार हॉटस्पॉट के रूप में इस्तेमाल करना आसान नहीं है। इससे बैटरी तेजी से खत्म होती है और फोन गर्म भी हो सकता है। लंबे समय तक ऐसा करने से फोन की बैटरी की सेहत पर असर पड़ने डर रहता है। इसके अलावा, फोन पर कॉल आने या उसे घर से बाहर ले जाने पर दूसरे डिवाइस का इंटरनेट बंद हो सकता है।
अनलिमिटेड 5G डेटा की भी है सीमा
मोबाइल कंपनियों के अनलिमिटेड 5G प्लान में इस्तेमाल की शर्तें लागू हो सकती हैं। कुछ प्लान में उचित उपयोग नीति (FUP) के तहत डेटा की सीमा या दूसरी शर्तें होती हैं। वहीं, ब्रॉडबैंड प्लान में कई बार ज्यादा डेटा मिलता है। ऐसे में 4K वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन गेमिंग और बड़ी फाइलें डाउनलोड करने पर मोबाइल प्लान की सीमाएं परेशानी बन सकती हैं।
हॉटस्पॉट की रेंज और स्पीड पर असर
फोन के हॉटस्पॉट की रेंज आमतौर पर राउटर से कम होती है। दीवारों और दूरी के कारण घर के हर हिस्से में स्थिर इंटरनेट मिलना मुश्किल हो सकता है। ज्यादा डिवाइस कनेक्ट होने पर स्पीड घट सकती है और लेटेंसी बढ़ सकती है। ब्रॉडबैंड राउटर कई डिवाइस को संभालने के लिए बेहतर विकल्प होता है।
किन लोगों के लिए सही है यह तरीका?
अगर घर में इंटरनेट का इस्तेमाल सीमित है और केवल 4-5 डिवाइस कनेक्ट करने हैं, तो मोबाइल हॉटस्पॉट काम आ सकता है। इसके लिए अतिरिक्त फोन रखना सुविधाजनक होगा। लेकिन लगातार इंटरनेट, बेहतर रेंज और ज्यादा डेटा की जरूरत है, तो ब्रॉडबैंड Wi-Fi कनेक्शन ज्यादा भरोसेमंद विकल्प रहेगा।


